अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल द्वारा निर्देशित समृद्ध राष्ट्र योजना के अंतर्गत लावा सरदारगढ़ महिला मंडल द्वारा संस्कारशाला कार्यक्रम राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ओलना का खेड़ा में आयोजित किया गया। उप प्रधानाचार्य श्रीमती अनीता जी चौधरी ने महिला मंडल की बहिनों का तिलक लगाकर स्वागत किया और सभी बच्चों ने जय जिनेन्द्र के साथ अभिवादन किया। महिला मंडल की बहिनों ने नमस्कार महामंत्र के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। महिला मंडल अध्यक्ष आशा जी बाफना ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि हमें अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना है, शरीर को स्वस्थ रखने के लिए हम संतुलित भोजन करें। आसन, प्राणायाम करें, समय पर काम करते हुए खेल आदि प्रवृत्तियों में भी भाग ले। जंक फूड खाने से बचें और घर का बना खाना खायें। बुरी आदतों से बचें। प्रेक्षा प्रशिक्षक श्रीमती विमला जी दुगड़ ने बच्चों को महाप्राण ध्वनि करवाई और स्मृति बढ़ाने के अनेक प्रयोग बताए। उन्होंने कहा कि इन छोटे छोटे प्रयोग का हम नियमित रूप से अभ्यास करेंगे तो हम अपने जीवन में ज्ञान वर्धन कर सकते हैं, सफलता प्राप्त कर सकते हैं। मंत्री लीला जी चिप्पड़ ने कहा कि बोलना भी एक कला है। हम सोच विचार कर बोले, सत्य बोलें, प्रिय बोलें। अनावश्यक बातों में अपना समय व्यतीत न करें। समय का सदुपयोग करते हुए जीवन में आगे बढ़ने का प्रयास करें।
इस कार्यक्रम में ‘उत्तर देओ ईनाम पाओ’ के साथ बच्चों से लीला जी चिप्पड़ ने प्रश्न पूछे। सही उत्तर देने वालों को महिला मंडल की ओर से पुरस्कृत किया गया। सपना सालवी, प्रियंका कुमावत, पूनम आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किए। श्रीमती शारदा जी हिरण की ओर से 140 बच्चों को मोजे, बिस्किट चॉकलेट्स का वितरण किया गया। तेरापंथ महिला मंडल की ओर से प्रायोजक श्रीमती शारदा जी हिरण का सम्मान किया गया और आभार व्यक्त किया गया। सभी बच्चे बहुत खुश दिख रहे थे। इस कार्यक्रम में अध्यक्ष आशा जी बाफना, मंत्री लीला जी चिप्पड़ सहमंत्री शारदा जी हिरण, संरक्षक पुष्पा जी बाफना, पिस्ता जी तलेसरा, प्रेक्षा प्रशिक्षक विमला जी दुगड़ की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस कार्यक्रम का सुंदर संचालन मंत्री लीला जी चिप्पड़ ने किया। विद्यालय की ओर से किरण सिंह जी चौहान ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी पवन कच्छारा ने दी।