Jain Terapanth News Official Website

मंगल भावना कार्यक्रम का आयोजन : लाडनूं

Picture of Jain Terapanth News

Jain Terapanth News

साध्वीश्री कंचन रेखा जी के संसारपक्षीय नातिले ’मुमुक्षु कल्प’ जी के मंगल भावना का कार्यक्रम ’वृद्ध सेवा केंद्र व्यवस्थापिका’ साध्वीश्री कार्तिक यशा जी के सान्निध्य में ऋषभ द्वार प्रांगण में आयोजित हुआ।
महिला मंडल की बहनों द्वारा मंगलाचरण प्रस्तुत किया गया। साध्वीवृंद ने सामूहिक गीतिका का संगान किया। जैन विश्व भारती संचालिका समिति सदस्य एवं तेरापंथ सभा से वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र खटेड़ ने कहा कि संयम रत्न प्राप्त करना विलक्षण कार्य है। तेरापंथ सभा के मंत्री राकेश जी कोचर ने कहा कि तेरापंथ नंदनवन है इसमें दीक्षित होने वाला प्रत्येक मुमुक्षु आनंद परमानंद की अनुभूति करता है। तेरापंथ महिला मंडल की मंत्री राज कोचर ने गितिका द्वारा दीक्षार्थी भाई से पूछा कि दीक्षा के भाव कैसे जागे। अणुव्रत समिति के संगठन मंत्री नवीन जी नाहटा ने कहा कि कठिन तपस्या व साधना कर अपने लिए साधुत्व के द्वार खोल लिए हैं। साध्वीश्री कंचन रेखा जी ने कहा कि धार्मिक परिवार में मुमुक्षु कल्प का जन्म हुआ एवं संयमी जीवन जीने का सौभाग्य आपको प्राप्त हुआ है। शासनश्री साध्वीश्री सूरज कुमारी जी के भाव साध्वीश्री युक्तिप्रभा जी ने व्यक्त किये और कहा कि चंचलता मत करना, सदैव गुरु दृष्टि की आराधना करना।
मुमुक्षु कल्प की माता श्रीमती रेशमी जी मेहता ने कहा कि 2003 में आचार्य श्री महाप्रज्ञ जी का चौमासा था तब कल्प का जन्म हुआ एवं जन्म के 24 घंटे के बाद युवाचार्य महाश्रमण जी ने कल्प के कानों में मंगल पाठ सुनाया। मुमुक्षु कल्प ने कहा कि पढ़ाई करते समय शासनश्री साध्वीश्री मधुबाला जी के दर्शन करता था। भुवासा महाराज साध्वीश्री कंचन रेखा जी एवं शासनश्री मधुबाला जी की प्रेरणा से मुझमें वैराग्य के भाव उत्पन्न हुए। वृद्ध सेवा केंद्र व्यवस्थापिका साध्वीश्री कार्तिक यशा जी ने कहा कि संयम में पराक्रम होता है, तभी साधुत्व का जीवन मिलता है एवं सपने नहीं संकल्प पूरे होते हैं।
कार्यक्रम का कुशल संयोजन तेरापंथ महिला मंडल की प्रचार-प्रसार मंत्री मीनाक्षी चौरड़िया ने किया। सभी सभा-संस्था ने मुमुक्षु कल्प का अभिनंदन किया, सभी संस्थाओं के पदाधिकारी एवं कार्यसमिति, अन्य सदस्य, श्रावक-श्राविकाओं एवं मुमुक्षु कल्प के परिवार-जनों की काफी संख्या में उपस्थिति रही। व्याख्यान संपन्नता के पश्चात महिला मंडल भवन में मुमुक्षु भाई कल्प का अभिनंदन किया गया।

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स